सरगुजा के मैनपाट में घूमने आये युवक-युवती बाइक सहित घुनघुट्टा नदी में बह गये। शोर सुनकर रस्सी लेकर दौड़ा और करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुके युवती को रस्सी फेंककर बाहर निकालने में सफल रहा। घटना में युवक नदी में डूब गया है। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। बहे युवक-युवती केरल के बताए गए हैं। दोनों रायपुर में पढ़ते हैं। बहे युवक की तलाश देर शाम तक जारी रही। युवक का पता नहीं चल सका है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर में रहकर पढ़ने वाले केरल निवासी युवती गौरी नंदन (22 वर्ष) और यदुकृष्ण (25 वर्ष) मैनपाट घूमने के लिए आये थे। दोनों ट्रेन से अंबिकापुर फिर यहां से मैनपाट पहुंचे थे। दोनों ने बाइक रेंट पर ली थी और मैनपाट घूमने निकले थे। उफनती नदी का पुल पार करने के दौरान हादसा बाइक सवार यदु कृष्ण और गौरी नंदन कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जाने के लिए शाम करीब 5.30 बजे निकले थे। शनिवार को मैनपाट इलाके में हुई भारी बारिश के कारण रोपाखार में कैंप नंबर 2 के पास बहने वाली घुनघुनट्टा नदी के पुल के उपर से पानी बह रहा था। बाइक चला रहे यदु कृष्ण ने बाइक से पुल पार करना चाहा। पानी की रफ्तार ज्यादा होने के कारण वे बाइक सहित बह गये। बहने के दौरान दोनों ने शोर मचाया। उनका शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी चिल्लाते हुए मौके पर पहुंचे। एक किलोमीटर तक बही युवती को युवक ने बचाया नदी के पास ही रहने वाले समशुद्दीन खान ने शोर सुना और वह घर से रस्सी लेकर नदी की ओर दौड़ा। गौरी नंदन तैरकर बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी, उसे बचाने के लिए समशुद्दीन ने रस्सी फेंकी, लेकिन वह रस्सी नहीं पकड़ सकी। नदी की धार के साथ ही समशुद्दीन करीब एक किलोमीटर तक दौड़ा और कई बार रस्सी फेंकी। अंततः गौरी नंदन ने रस्सी पकड़ ली और समशुद्दीन ने उसे बाहर खींच लिया। वहीं यदु कृष्ण का पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश में लगी टीम घटना की सूचना कमलेश्वरपुर थाने को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। युवक का कहीं पता नहीं चल सका है। देर शाम हो जाने के करण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया है। रविवार को सुबह होने के बाद पुलिस फिर से रेस्क्यू अभियान चलाएगी। एसडीआरएफ सरगुजा की टीम को भी हादसे की सूचना दे दी गई है। सुबह एसडीआरएफ की टीम भी मैनपाट पहुंचेगी। सरगुजा में बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर सरगुजा के अधिकांश हिस्सों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई है। इसके कारण नदी-नाले उफान पर हैं। मैनपाट में शनिवार को कई घंटे तक झमाझम बारिश हुई है। इस दौरान घुनघुट्टा नदी में पानी पुल के उपर बहने लगा। पहाड़ी नदी में पानी की रफ्तार ज्यादा होने के कारण युवक-युवती संभल नहीं सके और बाइक सहित बह गये।

