लखनऊ के बाबा साहब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) का 11वां दीक्षांत समारोह आज यानी 29 अगस्त को होगा। करीब साढ़े 3 साल बाद हो रहे दीक्षांत समारोह में 2023, 2024, 2025 और 2026 के सेशन में पास आउट होने वाले 8551 स्टूडेंट्स को उपाधि मिलेगी। दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री और लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह होंगे। राज्य सभा सांसद मिथलेश कुमार गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे। दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 22 मेधावियों को मंच से सम्मानित किया जाएगा। सुबह 11:30 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यूनिवर्सिटी के फिजिक्स डिपार्टमेंट के फैकल्टी मेंबर प्रो.देवेश कुमार को डीएससी की उपाधि दी जाएगी। मेडल पाने वालों में बेटियों ने मारी बाजी दीक्षांत समारोह में साल 2023, 2024, 2025 और 2026 के कुल 8551 स्टूडेंट्स को उपाधि मिलेगी। इनमें 4832 मेल अभ्यर्थी है जबकि 3719 फीमेल अभ्यर्थी है। इनमें से 508 मेधावियों को मेडल मिलेंगे। मेडल पाने वालों में 342 बेटियां है। जबकि 166 बॉयज को मेडल से नवाजा जाएगा। 508 में से 278 मेडल SC-ST कैटेगरी के छात्रों को मिलेंगे। इनमें 89 बॉयज और 189 फीमेल अभ्यर्थी है। इनको मिलेगी UG, PG और पीएचडी की उपाधि कॉन्वोकेशन के दौरान पीएचडी उपाधि पाने वालों में 412 स्टूडेंट्स है। इनमें 205 फीमेल और 207 मेल अभ्यर्थी है। पीजी के कुल 4662 स्टूडेंट्स में से 2402 मेल अभ्यर्थी है। जबकि 2260 फीमेल अभ्यर्थी है। इनमें NEP के तहत 228 स्टूडेंट्स ने UG पाठ्यक्रमों से 3 साल में एग्जिट किया है। UG में 2 हजार 771 स्टूडेंट्स को उपाधि मिलेगी। इनमें 1042 फीमेल स्टूडेंट्स है। प्रभा चंद्रा को कुल 4 अवॉर्ड मिलेंगे इस बार के कॉन्वोकेशन में एमए हिस्ट्री की छात्रा प्रभा चंद्रा को कुल 4 अवार्ड्स से नवाजा जाएगा। इनमें 3 गोल्ड मेडल के अलावा आरडी सोनकर अवॉर्ड भी शामिल है। इसके अलावा ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह को साल 2023 , शिवांगी को साल 2024, सोनी निर्मल को साल 2025 का आरडी सोनकर अवॉर्ड दिया जाएगा। सिविल सेवा में करियर बनाने का लक्ष्य 4 अवॉर्ड पाने वाली सीतापुर की प्रभा चंद्रा को BBAU के अमेठी कैंपस से 2024 में SC-ST कैटेगरी में बीए में टॉपर का एक स्वर्ण पदक मिलेगा। जबकि 2024 में लखनऊ कैंपस से एमए इतिहास में सामान्य और SC-ST दोनों श्रेणी में ओवर ऑल टॉपर के लिये दो स्वर्ण पदक और इतिहास में सर्वाधिक अंक पाने पर आरडी सोनकर समेत चार पदक दीक्षांत में मिलेंगे। प्रभा चंद्रा ने बताया कि फिलहाल पीएचडी की तैयारी जारी है। हालांकि, करियर सिविल सेवा बनाने का लक्ष्य है। परिवार में पिता निर्मल चन्द्रा किसान और मां रेनू गृहणी और चार भाई-बहन हैं। फ्यूल और इनर्जी में स्टार्टअप बनाना कुशीनगर के ब्रजेश गुप्ता को 2023 में बीटेक मैकेनिकल में टॉप करने पर स्वर्ण पदक मिलेगा। मौजूदा समय में धनबाद आईआईटी से एमटेक फ्यूल और इनर्जी इंजीनियिरंग की पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई पूरी होने के बाद नौकरी करने के बजाए खुद का स्टार्टअप बनाएंगे। इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। परिवार में पिता रामाज्ञा गुप्ता व्यवसायी, मां गीता देवी गृहणी और चार भाई है। शांभवी को मिलेगा इस डिपार्टमेंट का गोल्ड मेडल लखनऊ के निगोहां की बेटी शांभवी दीक्षित को समाजशास्त्र विभाग में टॉप प्रदर्शन करने पर साल 2026 के गोल्ड मेडल के लिए चुना गया है। शांभवी के पिता पंकज दीक्षित हैं, जबकि माता रीता दीक्षित हैं। पिता पंकज ने बताया कि बेटी ने अपनी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 82% अंक प्राप्त किए थे।
समारोह के लिए ड्रेस कोड हुआ तय दीक्षांत समारोह के लिए निर्धारित ड्रेस कोड के तहत छात्रों को क्रीम चूड़ीदार कुर्ता-पायजामा पहनना होगा। छात्राओं के लिए क्रीम चूड़ीदार सलवार-शूट या साड़ी निर्धारित की गई है। एक दिन पहले यानी शुक्रवार को विश्वविद्यालय में फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ।

