ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर (मोती झील) में महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने 11 दिन बाद पड़ोसी दंपती के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि पड़ोसी ने महिला से फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड की और उसकी पत्नी ने उसे घर के बाहर लाउडस्पीकर पर सार्वजनिक कर दिया। इससे बदनामी और मानसिक प्रताड़ना से आहत महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। मृतका ममता यादव (32) के पति रामहेत सिंह यादव फल मंडी में मजदूरी करते हैं। पुलिस की मर्ग जांच और साक्षियों के बयान में सामने आया कि ममता पड़ोसी सुरेंद्र यादव से फोन पर बातचीत करती थी। सुरेंद्र ने कथित तौर पर उसकी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी। यह रिकॉर्डिंग उसकी पत्नी रेखा यादव के हाथ लगी। घर के बाहर लाउडस्पीकर पर बजाई रिकॉर्डिंग पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को रेखा यादव ने घर के बाहर बड़ा लाउडस्पीकर लगाकर ममता और सुरेंद्र के बीच हुई बातचीत सार्वजनिक रूप से सुनाई। इससे ममता को गांव-मोहल्ले में बदनामी का सामना करना पड़ा। जांच में सामने आया कि घटना के बाद लोग बातचीत की रिकॉर्डिंग को लेकर चर्चा करने लगे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। 17 अगस्त को पति के काम पर जाने के बाद ममता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। शाम को पति घर लौटे तो वह बेहोशी की हालत में मिली। उसे इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल के पॉइजन वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले पति को बताई थी पूरी बात पुलिस के अनुसार मौत से पहले ममता ने पति को उसके साथ हुई पूरी घटना बताई थी। इसके बाद पति की शिकायत, मर्ग जांच और साक्षियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र यादव और रेखा यादव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज किया है। पुरानी छावनी थाना प्रभारी डॉ. संतोष यादव ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपी दंपती के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

