रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजारों में बढ़ी चहल-पहल:डिजाइनर राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रक्षाबंधन की खरीदारी से बाजारों में बढ़ी चहल-पहल:डिजाइनर राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अयोध्या में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। जिले के प्रमुख बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बीकापुर, गोसाईगंज, सोहावल, कोछा बाजार, रुदौली, बाबा बाजार, सैदपुर, कुमारगंज, खंडासा, अमानीगंज, अमरगंज, रामनगर अमावस, सूफी, जफर नगर, मिल्कीपुर, कुचेरा, रानी बाजार और हैरिंग्टनगंज सहित ग्रामीण क्षेत्रों में राखी व मिठाई की दुकानें सज गई हैं। रंग-बिरंगी राखियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं, जिससे बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ बढ़ रही है। दुकानों पर पारंपरिक राखियों के साथ-साथ कई नए डिजाइन भी उपलब्ध हैं। रुद्राक्ष, लटकन, लुमड़ी और भैया-भाभी की जोड़ा राखियां ग्राहकों की विशेष पसंद बनी हुई हैं। बच्चों के लिए गुड्डे-गुड़िया वाली और एलईडी लाइट से सजी राखियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार विभिन्न डिजाइन और कीमतों की राखियां मंगाई हैं। मिठाई विक्रेताओं ने भी त्योहार के लिए विशेष तैयारियां की हैं। दुकानों पर विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ आकर्षक पैकिंग और गिफ्ट पैकेट उपलब्ध हैं। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अस्थायी राखी व मिठाई की दुकानें भी लगाई गई हैं। दुकानदारों को इस त्योहार पर बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। गुरुवार दोपहर अलग-अलग क्षेत्रों में हुई बारिश से कुछ समय के लिए बाजारों में खरीदारी प्रभावित हुई। बारिश के दौरान दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम रही। मौसम साफ होने के बाद बाजारों में फिर से चहल-पहल बढ़ने की उम्मीद है। इस बीच, बहनों के मायके पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। विभिन्न टैक्सी स्टैंडों पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ी हुई है। त्योहार को देखते हुए प्रमुख बाजारों और यातायात स्थलों पर भीड़ बढ़ रही है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बाजारों में लगातार गश्त कर रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सिविल ड्रेस में भी तैनात हैं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रमुख बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल भ्रमणशील है। पुलिस क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष पाल और रुदौली अरविंद सोनकर सहित अन्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *