अबोहर के नजदीकी गांव मोडीखेड़ा में आज दोपहर बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे 58 वर्षीय बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल बुजुर्ग को जब परिजन इलाज के लिए अबोहर अस्पताल ले जा रहे थे, तो उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार, मोडीखेड़ा निवासी कृष्ण कुमार (58) पुत्र मनी राम आज दोपहर बाद अपने घर से निकले थे और गांव की मुख्य सड़क पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्ण कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले से ही गमगीन था परिवार, घर पर अकेले थे बुजुर्ग ग्रामीणों ने बताया कि मृतक कृष्ण कुमार मानसिक रूप से थोड़े अस्वस्थ (मंदबुद्धि) थे और अविवाहित थे। दुखों का पहाड़ तब और बड़ा हो गया जब यह बात सामने आई कि महज चार दिन पहले ही उनके एक चचेरे भाई (नजदीकी रिश्तेदार) की मौत हुई थी। उसी शोक सभा में शामिल होने के लिए परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदार के घर गए हुए थे, जिसके कारण कृष्ण कुमार आज घर पर अकेले थे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में थमीं सांसें हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना कृष्ण कुमार के परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सीतो गुन्नों के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर तुरंत अबोहर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन बदकिस्मती से अबोहर ले जाते समय रास्ते में ही कृष्ण कुमार ने दम तोड़ दिया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही बहाववाला पुलिस घटना की सूचना मिलते ही थाना बहाववाला की पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार आरोपी व गाड़ी की तलाश तेज कर दी है।

