मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार शाम करीब 6 बजे लखनऊ स्थित आवास पर गोंडा के सातों भाजपा विधायकों और जिलाध्यक्ष के साथ समीक्षा बैठक की। करीब बैठक में जिले के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, आगामी परियोजनाओं और बाढ़ की स्थिति को लेकर चर्चा हुई। बैठक में मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, कटरा बाजार विधायक बावन सिंह, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी मौजूद रहे। विधायकों ने सीएम को सौंपे मांग पत्र मुख्यमंत्री ने विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली और आगामी परियोजनाओं को लेकर सुझाव मांगे। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों से संबंधित मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपे। मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री ने वजीरगंज में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के निर्माण और मनकापुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने सड़क निर्माण समेत कई अन्य विकास कार्यों के प्रस्ताव भी दिए। तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली कोड़र में राजकीय एकीकृत आयुष चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय बनाने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की सड़कों और अन्य विकास कार्यों को लेकर भी मांग पत्र सौंपा। गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा, करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह और कटरा बाजार विधायक बावन सिंह ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी। मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और विसुही नदी पर पुल निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि पुल नहीं होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। तरबगंज और करनैलगंज की बाढ़ पर ली जानकारी बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय और करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह से उनके क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति और लोगों को मिल रही राहत के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जल्द ही गोंडा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने की बात कही। बैठक के बाद गोंडा के विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों में भी उम्मीद जगी है।

