संभल में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस देखने बदायूं के इस्लामनगर जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार शाम करीब 7 बजे संभल कोतवाली क्षेत्र में मुरादाबाद रोड स्थित वाजिदपुरम के पास उनकी बाइक को पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए। पुलिस ने उन्हें बाहर निकालकर जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबे दोनों युवक हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। इसके बाद दोनों युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को वाहन के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बाइक नंबर UP 38 Z 1097 के आधार पर मृतकों की पहचान की और परिजनों को सूचना दी।
रिश्तेदार थे दोनों युवक मृतकों की पहचान बदायूं के इस्लामनगर निवासी 22 वर्षीय मुनाजिर पुत्र सब्बू उर्फ लियाकत अली और संभल के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव निवासी 20 वर्षीय शारिक पुत्र यामीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुनाजिर मंगलवार शाम अपनी भाभी साजिया पत्नी राहत को लेकर मखदुमपुर गांव आया था। बुधवार शाम करीब 6 बजे वह अपने भाई के साले शारिक के साथ बाइक से इस्लामनगर में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस देखने के लिए निकला था। रास्ते में वाजिदपुरम के पास हादसा हो गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

