अनूपपुर: छत उखाड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई थी चोरी, 15 हजार का माल बरामद

अनूपपुर: छत उखाड़कर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार:इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई थी चोरी, 15 हजार का माल बरामद

अनूपपुर जिले की बिजुरी थाना पुलिस ने बुधवार शाम चोरी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग और एक वयस्क आरोपी शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया 15,000 रुपये का सामान भी जब्त किया है। आरोपियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान की छत की सीट उखाड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि यह मामला बिजुरी थाना क्षेत्र के आरकेवीवी स्कूल रोड स्थित पानी टंकी के पास का है। संतोष शुक्ला (50 वर्ष), निवासी कपिलधारा कॉलोनी बिजुरी, की सीमेंट शीट की छत वाली एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। 23-24 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान की छत पर लगी सीमेंट की शीट को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया था। चोरों ने दुकान से 5 नग कॉपर बेंडिंग वायर रील (वजन 4 किग्रा), एक कूलर एग्जॉस्ट फैन, एक सीलिंग फैन, कूलर मोटर का स्टेटर, मिनी कूलर एग्जॉस्ट फैन के 2 स्टेटर और 3 सीलिंग फैन के स्टेटर चुरा लिए थे। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही मोहन सिंह गोंड़ (पिता मैकू सिंह गोंड़) और एक अन्य आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया 15,000 रुपये कीमत का पूरा सामान जब्त कर लिया है। इस मामले में शामिल नाबालिग आरोपी को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है, जबकि वयस्क आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *