यूपी TET एग्जाम का रिजल्ट जारी:प्राइमरी और जूनियर के लिए 13 लाख अभ्यर्थी पास; 62 हजार टीचर फेल हुए

यूपी TET एग्जाम का रिजल्ट जारी:प्राइमरी और जूनियर के लिए 13 लाख अभ्यर्थी पास; 62 हजार टीचर फेल हुए

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) में 80.07 प्रतिशत और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) में 71.85 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। UPTET 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा कुल पांच पालियों में संपन्न हुई, जिसमें दो पालियां प्राथमिक स्तर और तीन पालियां उच्च प्राथमिक स्तर के लिए आयोजित की गई थीं। इस वर्ष कुल 19,94,661 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। प्राथमिक स्तर में 5.71 लाख अभ्यर्थी सफल
प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इस स्तर का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07 रहा। उच्च प्राथमिक स्तर में 7.59 लाख अभ्यर्थी हुए पास
उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 7,59,513 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। इस स्तर का कुल सफलता प्रतिशत 71.85 दर्ज किया गया। कार्यरत शिक्षकों का प्रदर्शन भी बेहतर
प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 शिक्षक सफल रहे, जो कुल 76.29 प्रतिशत है। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 शिक्षक सफल हुए, जिसका सफलता प्रतिशत 77.45 रहा। नॉर्मलाइजेशन पद्धति से तैयार हुआ परिणाम
आयोग के उपसचिव ने बताया कि परीक्षा कई पालियों में आयोजित की गई थी और अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी अधिक थी। ऐसे में विभिन्न पालियों के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में संभावित अंतर को संतुलित करने के लिए विज्ञापन के बिंदु संख्या-09 के तहत तुलनात्मक मूल्यांकन (Normalization) पद्धति अपनाई गई। इसके आधार पर अभ्यर्थियों के अंकों का समानीकरण कर अंतिम परिणाम तैयार किया गया। वेबसाइट पर उपलब्ध है स्कोरकार्ड
अभ्यर्थी अपना परिणाम, स्कोरकार्ड और कटऑफ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट UPESSC पर जाकर देख सकते हैं। आयोग ने तकनीकी सहायता और अन्य जानकारी के लिए हेल्पलाइन एवं ई-मेल सुविधा भी उपलब्ध कराई है। विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *