बदायूं में सावन के आखिरी सोमवार पर जलाभिषेक के लिए शनिवार को भी कांवड़ियों का गुजरना जारी रहा। हालांकि, वर्तमान में भीड़ अपेक्षाकृत कम है। प्रशासन को उम्मीद है कि रविवार को स्थानीय कांवड़ियों के पहुंचने से भारी भीड़ उमड़ेगी। बरेली-मथुरा हाइवे पर स्थित कछला गंगाघाट से गुरुवार रात से अब तक लाखों कांवड़िये जल उठा चुके हैं। हालांकि, इस बार पहले शनिवार जैसी भीड़ देखने को नहीं मिली है। कांवड़िये डीजे पर मस्ती करते और नाचते-गाते लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उनके स्वागत और सुविधा के लिए जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। कांवड़िये चिह्नित स्थानों पर आराम कर रहे हैं, जहां कुछ लोग अपना भोजन भी बना रहे हैं। भोजन के उपरांत वे अपनी यात्रा फिर से शुरू कर रहे हैं। सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। बाइक सवार कांवड़ियों के लिए आने और जाने के अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

