बच्चे ने की आईफोन की ज़िद: माँ गिड़गिड़ाई, पिता बचाने दौड़े…फिर तीनों की मौत

बच्चे ने की आईफोन की ज़िद: माँ गिड़गिड़ाई, पिता बचाने दौड़े…फिर तीनों की मौत

महाराष्ट्र (Maharashtra) के छत्रपति संभाजीनगर (Chhatrapati Sambhajinagar) जिले के तिसगांव क्षेत्र की खावड़ा हिल पर शुक्रवार को करीब तीन घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच हुई रस्साकशी पर ग्रामीणों, पुलिसकर्मियों और दमकलकर्मियों की आंखें टिकी रहीं। किसी को अंदाज़ा नहीं था कि कुछ ही देर में यह पहाड़ी तीन मौतों की गवाह बन जाएगी। जाल्टा फाटा का 19 वर्षीय शख्स अपने माता-पिता से नए आईफोन की मांग कर रहा था। इसे लेकर हुए विवाद के बाद वह करीब 10 बजे घर से निकला और पहाड़ी की चोटी पर जा बैठा। बार-बार कूदने की धमकी देने लगा। इस बीच लोगों की भीड़ जुट गई। माँ हाथ जोड़कर बेटे के सामने गिड़गिड़ाती रही, पिता समझाते रहे और सूचना पर पहुंचे पुलिस-दमकलकर्मी उसे बचाने की तैयारी करते रहे। गांव के लोग भी सांसें थामे सब देख रहे थे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और पर्यटकों इस दर्दनाक घटनाक्रम की पूरी रिकॉर्डिंग मोबाइल में कर ली।

उजड़ गया पूरा परिवार

पुलिस और दमकलकर्मियों ने युवक को बचाने के लिए पहाड़ी की तलहटी में सुरक्षा जाल बिछाने का प्रयास किया, लेकिन युवक चट्टान के किनारे-किनारे खिसकता रहा। लोग भी करीब तीन घंटे तक उसे समझाते रहे। आखिर में 15-20 मिनट में पिता खुद पहाड़ी पर बेटे के पास पहुंच गया, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। करीब 1 बजे युवक का संतुलन बिगड़ा और पहाड़ी के नीचे पत्थर की खदान में जा गिरा। इस बीच पिता दौड़े और हाथ बढ़ाकर उसे पकडऩे की कोशिश की लेकिन उनका भी पैर फिसला और नीचे गिर गए। अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को गिरते देख माँ की भी चीख निकल गई। वह खुद को संभाल नहीं पायी और पहाड़ी से नीचे गिर पड़ी। आईफोन की ज़िद में पूरा परिवार उजड़ गया।

दर्जनों आंखों के सामने तीन ज़िंदगियाँ खत्म

एक पल पहले जिस पहाड़ी पर बेटे को बचाने की उम्मीद थी, वहाँ अगले ही पल तीन शव पड़े थे। दर्जनों आँखों के सामने देखते ही देखते तीन ज़िंदगियाँ खत्म हो गईं। माँ की पुकार और पिता की कोशिशों का कोई फायदा नहीं हुआ और एक आईफोन की ज़िद से पूरा परिवार खत्म हो गया। पुलिस और दमकलकर्मी इंतजाम करते रहे, लोग देखते रहे, लेकिन तीनों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *