गौरव त्यागी हत्याकांड में 3 मुख्य आरोपी गिरफ्तार:कचहरी में सरेंडर की फिराक में थे अमित-कुलदीप; प्रदीप मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा गया

गौरव त्यागी हत्याकांड में 3 मुख्य आरोपी गिरफ्तार:कचहरी में सरेंडर की फिराक में थे अमित-कुलदीप; प्रदीप मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा गया

हापुड़ में गौरव त्यागी हत्याकांड के तीन मुख्य आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अमित और कुलदीप को कचहरी गेट के पास से दबोचा गया, जबकि तीसरा आरोपी प्रदीप पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सीओ अनीता चौहान के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि दो आरोपी कचहरी में आत्मसमर्पण करने की फिराक में हैं। इसके बाद कचहरी परिसर और आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। मृतक के परिजन भी आरोपियों की पहचान के लिए मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान अमित और कुलदीप कचहरी गेट के पास पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दो गिरफ्तारी के बाद तीसरे आरोपी से मुठभेड़ अमित और कुलदीप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी। देर शाम दोयमी गांव के पास गश्त के दौरान पुलिस टीम का सामना तीसरे आरोपी प्रदीप से हुआ। पुलिस के मुताबिक, प्रदीप ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। फरार आरोपियों की तलाश में 3 टीमें लगीं सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हत्याकांड के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। 18 अगस्त को सरेराह पीटकर की गई थी हत्या बाबूगढ़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी की 18 अगस्त को सरेराह हत्या कर दी गई थी। गौरव बाइक से हापुड़ आ रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में उसे घेर लिया था। आरोप है कि लाठी-डंडों और हथौड़े से उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गौरव के कूल्हे और रीढ़ की हड्डी पर कई गंभीर चोटें और अत्यधिक रक्तस्राव की पुष्टि हुई थी। मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। राजवीर और जयपाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *