उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव की मतगणना के 16वें एलिमिनेशन राउंड में छह प्रत्याशियों को बाहर कर दिया गया। इस चरण में कुल 1,359 मतों की गणना हुई, जिनमें से 1,283 मत वैध पाए गए और 76 मत एक्सहॉस्टेड रहे। एलिमिनेशन प्रक्रिया के बाद वैध मतों को नियमानुसार शेष प्रत्याशियों के खातों में स्थानांतरित किया गया। 16वें एलिमिनेशन राउंड में मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, आरिफ इकबाल, अमित कुमार, अनुज दीक्षित, लक्ष्मी वर्मा और आनंद कुमार मिश्रा को चुनावी दौड़ से बाहर किया गया। इन प्रत्याशियों के मतों को अगली प्राथमिकता के आधार पर अन्य उम्मीदवारों को स्थानांतरित किया गया, जिससे शीर्ष प्रत्याशियों के वोटों के आंकड़ों में बदलाव आया। 16वें राउंड के बाद बार काउंसिल चुनाव का मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। मतों के ट्रांसफर के बाद कानपुर नगर के अनुराग पांडेय 4,843 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। उन्हें इस राउंड में 41 अतिरिक्त वोट मिले। लखनऊ के प्रशांत सिंह अटल 4,562 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, दोनों के बीच 281 वोटों का अंतर है। प्रयागराज के देवेंद्र मिश्रा नागराहा 4,002 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बुलंदशहर के शिव किशोर गौर 3,934 वोटों के साथ चौथे और बरेली के शिरीष कुमार मेहरोत्रा 3,537 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर बने हुए हैं। प्रयागराज के अन्य प्रमुख प्रत्याशियों में अजय यादव 3,215 वोटों के साथ छठे, इमरान माबूद खान ‘आई.एम. खान’ 3,185 वोटों के साथ सातवें, पंचू राम मौर्य 3,161 वोटों के साथ आठवें और जंकी शरण पांडेय 3,105 वोटों के साथ नौवें स्थान पर हैं। 16वें एलिमिनेशन राउंड के बाद भी मतगणना जारी है। प्रत्येक एलिमिनेशन के बाद मतों के ट्रांसफर से समीकरण लगातार बदल रहे हैं। आगामी राउंड में शीर्ष प्रत्याशियों के बीच मुकाबला और रोचक होने की संभावना है। अंतिम परिणाम के लिए अभी कई एलिमिनेशन राउंड की गणना बाकी है।

