PWD एक्सईएन पर जेई संघ का फूटा गुस्सा:प्रयागराज में भ्रष्टाचार, मद परिवर्तन और 50 लाख के फर्जी भुगतान के लगाए आरोप

PWD एक्सईएन पर जेई संघ का फूटा गुस्सा:प्रयागराज में भ्रष्टाचार, मद परिवर्तन और 50 लाख के फर्जी भुगतान के लगाए आरोप

प्रयागराज में डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने विद्युत/यांत्रिक खंड के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ ने उन पर पिछले 15 महीने के अतिरिक्त प्रभार के कार्यकाल के दौरान बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और तानाशाही रवैये का आरोप लगाया है। संघ ने उच्चाधिकारियों से पूरे कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। शुक्रवार को आयोजित ग्रीवांस निवारण वार्ता के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने अधिशासी अभियंता की कार्यशैली पर गहरा रोष व्यक्त किया। जेई संघ के पदाधिकारियों ने उनके कार्यकाल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने लाईं। उन्होंने बताया कि निर्धारित वित्तीय मदों में हेरफेर कर बड़े पैमाने पर नियमों को ताक पर रखकर धनराशि खर्च की गई। अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व नोटिस या प्रशासनिक चेतावनी के अभियंताओं के कार्य एवं दायित्वों में मनमाने ढंग से बदलाव किया गया। तानाशाहीपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना बयानों के जरिए विभाग में अभियंताओं के बीच आपसी सामंजस्य और कार्य-संस्कृति के सौहार्द को खंडित किया गया। मामले का सबसे गंभीर पहलू यूटिलिटी शिफ्टिंग के कार्यों से जुड़ा है। संघ का आरोप है कि विद्युत पोल एवं लाइनों की शिफ्टिंग के कार्य में विद्युत वितरण निगम लिमिटेड और विद्युत सुरक्षा विभाग के मानकों की पुष्टि कराए बिना ही, अन्य अभियंता के माध्यम से 50 लाख रुपये का भुगतान फर्जी तरीके से करा लिया गया। बैठक में प्रयागराज डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जनपद अध्यक्ष संदीप कुमार मौर्य, सचिव दीपक कुमार, कोषाध्यक्ष अरविन्द कुमार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आशीष कुमार पाण्डेय, तुषार कान्त पंकज, बद्री प्रसाद मौर्य, प्रमोद रावत, नीरज कुमार और ज्ञानेन्द्र सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *