फर्रुखाबाद में 6 वर्षीय बच्ची को सांप ने डसा,मौत:गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लोहिया अस्पताल की गई थी रेफर

फर्रुखाबाद में 6 वर्षीय बच्ची को सांप ने डसा,मौत:गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लोहिया अस्पताल की गई थी रेफर

फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक 6 वर्षीय बच्ची की सांप के काटने से मौत हो गई। बच्ची को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल 9 बजे लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मां ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस मिलने में काफी देरी हुई। जानकारी के अनुसार, कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के शंकर नगला गांव निवासी अनिल की बेटी वैष्णवी (6) शुक्रवार शाम अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान गेहूं की कुठिया के पास उसे किसी सांप ने डस लिया। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने बच्ची को प्राथमिक उपचार दिया, जिसमें बोतल और ड्रिप लगाई गई। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। बच्ची की मां के मुताबिक, लोहिया अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस का नंबर लगाया गया, लेकिन शुरुआत में नंबर नहीं लगा। काफी देर बाद नंबर लगने पर भी एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। परिजनों ने बच्ची को निजी वाहन से ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने इसकी अनुमति नहीं दी। काफी इंतजार के बाद जब एंबुलेंस पहुंची, तो बच्ची को लेकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिवार में मातम छा गया और परिजन शव को लेकर घर लौट गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *