महराजगंज के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्राओं से प्रेरक संवाद किया। उन्होंने शैक्षणिक उन्नति, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर निर्माण और व्यक्तित्व विकास को लेकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया। डीएम ने छात्राओं से उनके करियर लक्ष्यों की जानकारी ली और योजनाबद्ध तरीके से लगातार तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से विभिन्न विषयों और करियर से जुड़े सवाल पूछे। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ उनके जवाब दिए। डीएम ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां पढ़ाई के साथ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। छात्राओं ने कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली समझी छात्राओं ने जिलाधिकारी से प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कलेक्ट्रेट में होने वाले कामकाज के बारे में सवाल पूछे। डीएम ने सहजता से उनके सवालों के जवाब दिए और छात्राओं को अपने कार्यालय आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी और प्रधानाचार्य को छात्राओं को कलेक्ट्रेट और विकास भवन का भ्रमण कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राएं प्रशासनिक कार्यों को करीब से समझ सकें। छात्रावासीय जीवन से सीखने को मिलते हैं जरूरी गुण डीएम ने कहा कि छात्रावासीय जीवन छात्राओं के भविष्य के लिए काफी उपयोगी है। यहां अनुशासन, सामूहिक जीवन, समय प्रबंधन और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण गुण सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने छात्राओं से असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की सलाह दी। डीएम ने तनाव से बचने के लिए अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने पर जोर दिया। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समाचार पत्र पढ़ने की सलाह जिलाधिकारी ने छात्राओं को नियमित रूप से समाचार पत्र और पत्रिकाएं पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी रखना जरूरी है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य अध्ययन और समसामयिक घटनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छात्राओं और स्टाफ के साथ किया भोजन प्रेरक संवाद के बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ के साथ भोजन किया। इस दौरान विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक बातचीत हुई। छात्राओं ने डीएम के अनुभवों और विचारों को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और विद्यालय का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

