Gen-Z के बाद Gen-Alpha के बीच जगह-जगह सामने आ रहे प्रदर्शनों और युवाओं के मुद्दों के बीच अब योगी सरकार का फोकस स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर बढ़ गया है। शासन के निर्देशों के बाद बरेली में भी शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी स्कूलों की स्थिति को करीब से परख रहे हैं। अधिकारी सिर्फ कागजों में व्यवस्थाओं की समीक्षा नहीं कर रहे, बल्कि स्कूलों में पहुंचकर क्लासरूम देख रहे हैं, बच्चों से बातचीत कर रहे हैं और पढ़ाई का स्तर भी जांच रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को बरेली में DIOS अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी और BSA डॉ विनीता समेत अधिकारियों ने स्कूलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई, कॉपियां, कंप्यूटर लैब, साफ-सफाई और विद्यार्थियों की समस्याओं की जानकारी ली। वहीं, DM अविनाश सिंह ने भी अधिकारियों को स्कूलों के नियमित निरीक्षण और विद्यार्थियों से सीधे संवाद के निर्देश दिए थे। GIC में कक्षा में पहुंचे अधिकारी, कॉपियां भी देखीं
अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी और जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार ने राजकीय इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। कक्षा 7 और 9 में पहुंचकर शिक्षकों की ओर से कराए जा रहे कार्य और पढ़ाई का जायजा लिया। अधिकारियों ने छात्रों से निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के बारे में भी पूछा। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने किताबें मिलने की जानकारी दी।
कक्षाओं में पंजीकृत छात्रों की तुलना में कम उपस्थिति मिलने पर प्रधानाचार्य और शिक्षकों से जानकारी ली गई। बताया गया कि यूनिट टेस्ट होने के कारण कुछ विद्यार्थी चले गए थे। इसके बाद कक्षा 10 की अंग्रेजी माध्यम की कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों की कॉपियां भी देखी गईं। कमजोर बच्चों के लिए लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
अधिकारियों ने प्रधानाचार्य और शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग की जाए। खासकर पढ़ाई में कमजोर और हाल में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की जाएं। अधिकारियों का फोकस ऐसे बच्चों पर है, जो सामान्य कक्षा की गति के साथ पढ़ाई में पीछे रह जाते हैं।
कंप्यूटर लैब का भी निरीक्षण किया गया। यहां कक्षा 9 के विद्यार्थियों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। अपर जिलाधिकारी ने एक छात्र से कंप्यूटर संचालन से जुड़े सवाल पूछकर उसकी समझ परखी। पुस्तकालय में पढ़ते मिले छात्र
इसके बाद ADM नगर अविनाश त्रिपाठी और DIOS अजीत कुमार ने राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। यहां छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते मिले। अधिकारियों ने उनसे किताबों की उपलब्धता और दूसरी सुविधाओं के बारे में पूछा। विद्यार्थियों ने किसी तरह की परेशानी नहीं होने की जानकारी दी। मैथोडिस्ट गर्ल्स कॉलेज में छात्राओं से सवाल
मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज में भी अधिकारियों ने कक्षाओं का निरीक्षण किया। यहां छात्राओं से उनके विषयों से जुड़े सवाल पूछे गए। छात्राओं ने सवालों के संतोषजनक जवाब दिए। स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी गई। प्रधानाचार्य को संचारी रोगों से बचाव के बारे में विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा के दौरान जागरूक करने के निर्देश दिए गए। DM ने पहले ही दिए थे नियमित निरीक्षण के निर्देश
DM अविनाश सिंह ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं और शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्कूलों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा था कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को विद्यार्थियों से सीधे बातचीत करनी चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो सके।
DM ने स्कूलों में बाउंड्रीवाल, शौचालय, साबुन-पानी और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। मिशन कायाकल्प के सभी पैरामीटर पूरे कराने, बाल वाटिकाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक और माध्यमिक स्कूलों के साथ उच्च शिक्षा संस्थानों का भी निरीक्षण करने और पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति दिलाने को कहा। आवासीय विद्यालयों में बच्चों से अधिकारियों को अलग कमरे में व्यक्तिगत बातचीत करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थी बिना झिझक अपनी समस्या बता सकें। अभ्युदय कोचिंग में IAS इशिता किशोर ने छात्राओं को पढ़ाया सफलता का तरीका
इसी बीच मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी महिला महाविद्यालय में संचालित प्रशिक्षण केंद्र में 2022 UPSC सिविल सेवा परीक्षा की AIR-1 इशिता किशोर, वर्तमान में SDM सदर बरेली, ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने UPSC और UPPSC की तैयारी के लिए सिलेबस समझने, विषयों को हिस्सों में बांटने, नोट्स बनाने, अखबार पढ़ने, मॉक टेस्ट देने और नियमित रिवीजन की सलाह दी। समय प्रबंधन पर उन्होंने रोज 8 से 10 घंटे प्रभावी पढ़ाई करने और एक टॉपिक का पहले दिन, तीसरे, सातवें, 15वें और 30वें दिन रिवीजन करने की सलाह दी। असफलता को लेकर पूछे गए सवाल पर इशिता किशोर ने छात्राओं से सकारात्मक रहने और गलतियों से सीखकर आगे बढ़ने को कहा। इन अधिकारियों पर स्कूलों की निगरानी की जिम्मेदारी
DM अविनाश सिंह ने स्कूलों की निगरानी को लेकर अधिकारियों को सक्रिय किया है। समीक्षा बैठक में CDO देवयानी, ADM प्रशासन पूर्णिमा सिंह, ADM वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, ADM न्यायिक, अपर नगर आयुक्त, BSA, DIOS, सभी SDM और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अब स्कूलों में इन निरीक्षणों के जरिए पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की भी नियमित निगरानी की जा रही है।

