पत्नी और बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाला गिरफ्तार:दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर; पढ़िए- अजमेर शहर की क्राइम की खबरें

पत्नी और बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला करने वाला गिरफ्तार:दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर; पढ़िए- अजमेर शहर की क्राइम की खबरें

अजमेर में कुल्हाड़ी से पत्नी और बेटे पर हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आश्रम में मर्डर करने वाला भी पकड़ा गया है। वहीं एक दुकान में दीवार तोड़कर चोर घुसे और नगदी लेकर भागे। ये मामले शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्र के है। पढ़िए- शहर की क्राइम की खबरें 1. पत्नी-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला, आरोपी गिरफ्तार आदर्श नगर थाना पुलिस ने पत्नी और बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला करने के आरोपी पति पांचू सिंह को गिरफ्तार किया है। एएसआई किशन ने बताया कि 18 अगस्त को लोन के कागजों पर हस्ताक्षर करने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी और बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। रिश्तेदारों ने दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। घायल पत्नी संपत्ति देवी के बयान के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। 2. आश्रम में मूक-बधिर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधीन संचालित स्वयं सिद्धा आश्रम में मूक-बधिर व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी आमिर (20) को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि आश्रम के मैनेजर की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने पाइप से हमला कर दिया, जिससे व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी भी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। 3. दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर रामगंज थाना क्षेत्र के अजय नगर स्थित जनरल स्टोर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ऑटो से पहुंचे और दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद करीब 6 से 7 हजार रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए। दुकान मालिक कन्हैया लाल ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। शिकायत मिलने के बाद रामगंज थाना पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। 4. खानपुरा तालाब के पास 5 सिंचाई मोटर चोरी रामगंज थाना क्षेत्र में खानपुरा तालाब के पास सिंचाई के काम आने वाली करीब 5 मोटर चोरी हो गईं। पीड़ित मोहन सिंह के अनुसार चोर रात करीब 2 बजे के आसपास मोटर चोरी कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि सुबह जानकारी होने पर मोटर चोरी होने का पता चला। मामले की शिकायत रामगंज थाने में दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है। 5. घर के बाहर लगा पानी का मीटर खोल ले गया चोर अलवर गेट थाना क्षेत्र के धोलाभाटा में घर के बाहर लगा पानी का मीटर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित भरत सोलंकी ने बताया कि रात करीब 2 बजे चोर घर के बाहर पहुंचा और पानी का मीटर खोलकर फरार हो गया। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पीड़ित ने मामले की सूचना अलवर गेट थाना पुलिस को दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *