नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे छात्राओं के लिए कुछ अलग तरह की पाठशाला लगी। इस बार कक्षा में पढ़ाई के विषय नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सुरक्षा, जागरूकता और लक्ष्य हासिल करने की सीख दी गई। इस विशेष संवाद में SSP संजय कुमार वर्मा ने छात्राओं से सीधे बातचीत की और उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। SSP ने छात्राओं को एक प्रेरणादायी कहानी के माध्यम से समझाया कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका आत्मविश्वास के साथ सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। SSP ने छात्राओं को बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा महसूस होने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया। इस दौरान SP देहात अक्षय संजय महाडीक ने भी छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने महिला सुरक्षा के साथ-साथ साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अधिकारियों ने सिर्फ छात्राओं को संबोधित नहीं किया, बल्कि उनसे सीधे संवाद भी किया। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से अपनी जिज्ञासाएं और सवाल साझा किए, जिनका अधिकारियों ने समाधानपरक जवाब दिया। SSP संजय कुमार वर्मा ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जागरूकता, आत्मविश्वास और शिक्षा ही सशक्तिकरण की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे अपने लक्ष्य को लेकर दृढ़ रहें और किसी भी चुनौती के सामने पीछे न हटें। पुलिस अधिकारियों की यह पहल छात्राओं के लिए सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण नजर आई। पुलिस की ओर से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

