आवासीय विद्यालय में छात्रों की मौत पर FIR की मांग:बांदा में पिता ने स्कूल प्रबंधक पर लगाया लापरवाही का आरोप

आवासीय विद्यालय में छात्रों की मौत पर FIR की मांग:बांदा में पिता ने स्कूल प्रबंधक पर लगाया लापरवाही का आरोप

बांदा में बीएल विद्या मंदिर आवासीय विद्यालय में दो छात्रों की मौत के मामले में मृतक छात्र नितिन कुमार के पिता सुनील कुमार ने स्कूल प्रबंधक ओमप्रकाश कुशवाहा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। उन्होंने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बेटे की तबीयत बिगड़ने के बाद स्कूल प्रशासन ने समय पर परिजनों को सूचना नहीं दी और न ही उसे पर्याप्त प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। सुनील कुमार ने तहरीर में बताया कि 16 अगस्त की रात खाना खाने के बाद नितिन के पेट में तेज दर्द शुरू हुआ था। हालत बिगड़ने पर उसने पिता से बात कराने की इच्छा जताई, लेकिन स्कूल प्रशासन ने कथित तौर पर उसे बात नहीं करने दी। पिता का आरोप है कि बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती रही और स्कूल परिसर में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्कूल प्रबंधक उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुबह दी तबीयत खराब होने की सूचना मृतक के पिता के अनुसार, 17 अगस्त की सुबह करीब सात बजे स्कूल प्रबंधक ने फोन कर बेटे की तबीयत खराब होने और अस्पताल में इलाज चलने की जानकारी दी। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें नितिन की मौत के बारे में बताया गया। सुनील कुमार ने बताया कि बेटे की नाक से सफेद झाग निकल रहा था और आंखें नीली पड़ गई थीं। उन्होंने किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। दूसरे छात्र को भी पीटने का आरोप तहरीर में स्कूल के एक अन्य छात्र हर्ष का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि हर्ष ने भी अपने पिता से बात कराने की कोशिश की थी। इस पर स्कूल प्रबंधक ने उसे डांटा और कथित तौर पर पानी के पाइप से उसकी पिटाई की। नितिन के पिता का कहना है कि स्कूल में बच्चों से सालाना करीब 40 हजार रुपये फीस ली जाती है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा, भोजन और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की है। दो छात्रों की मौत के बाद विद्यालय में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन और पानी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। खाद्य पदार्थों के लिए गए नमूने घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विद्यालय में पानी की उपलब्धता को लेकर भी समस्याएं सामने आने की बात कही गई है। घटना के बाद स्कूल बंद कर दिया गया था। मृत छात्रों की पहचान नितिन कुमार और अरुण के रूप में हुई है। दोनों की मौत को लेकर परिजन स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। BSA ने स्कूल को नोटिस जारी कर तीन दिन में मांगा जवाब मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। BSA अव्यक्त राम तिवारी ने बीएल विद्या मंदिर को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। नोटिस में विद्यालय प्रबंधन से पूछा गया है कि स्कूल को आवासीय रूप से संचालित करने की अनुमति किस सक्षम अधिकारी से ली गई थी। इसके साथ ही दोनों छात्रों की मौत की परिस्थितियों और घटना से संबंधित पूरा विवरण भी मांगा गया है। विभाग ने यह भी पूछा है कि विद्यालय में किस कक्षा तक शिक्षण कार्य संचालित किया जा रहा था। स्कूल प्रबंधन को आवासीय संचालन की अनुमति और संचालित कक्षाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। तीन दिन में जवाब मिलने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *