गंगा एक्सप्रेसवे पर बस में शराबी युवक का हंगामा:महिला परिचालक से अभद्रता; बस के शीशे तोड़े, FIR दर्ज

गंगा एक्सप्रेसवे पर बस में शराबी युवक का हंगामा:महिला परिचालक से अभद्रता; बस के शीशे तोड़े, FIR दर्ज

मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक रोडवेज बस में शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक ने महिला परिचालक और यात्रियों से अभद्रता की, गाली-गलौज की और बस में तोड़फोड़ भी की। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आगरा निवासी रोडवेज बस चालक हरेंद्र सिंह ने बताया कि वे गंगा एक्सप्रेसवे से जा रहे थे। मेरठ से एक युवक बस में सवार हुआ। चालक के अनुसार, युवक नशे में था और बस में चढ़ते ही उसने महिला परिचालक अर्चना और अन्य यात्रियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। उसने गाली-गलौज कर यात्रियों को परेशान किया। बस में मौजूद यात्रियों और चालक ने युवक को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन समझाने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इसके बाद वह बस से नीचे उतर गया। आरोप है कि बस से उतरने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने बाहर से बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। युवक की हरकतों को देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट भी की। घटना के बाद, बस चालक ने खरखौदा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। खरखौदा थाना प्रभारी समय पाल सिंह अत्री ने बताया कि यह एक मामूली विवाद प्रतीत होता है, जिस पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। यात्रियों द्वारा बनाए गए वीडियो को भी पुलिस को सौंप दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *