अजमेर में सहकारिता विभाग के अधीन संचालित आश्रम में मंगलवार देर रात एक युवक की हत्या हो गई। पुलिस ने आश्रम में ही रहने वाले 20 साल के लड़के को हिरासत में लिया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस आज सुबह आश्रम पहुंची और घटना स्थल का मौका-मुआयना किया। रात करीब 2 बजे सिर पर मारा सरिया थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि कायड़ रोड स्थित जय अंबे पार्क कॉलोनी में सहकारिता विभाग के अधीन आश्रम संचालित है। आश्रम में 17 पुरुष और एक महिला रहते हैं। मंगलवार रात करीब 2 बजे आश्रम में रहने वाले 20 साल के आमीन ने अपने 40 साल के साथी हुंकार के सिर पर सरिया मार दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आश्रम के लोग घायल को तुरंत जेएलएन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मैनेजर की रिपोर्ट पर केस दर्ज थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि आश्रम के मैनेजर पारस मेघवाल की ओर से मामले में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह तलाश रही पुलिस पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सरिया से हमला किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी ने किस वजह से हमला किया और हत्या के पीछे क्या विवाद था, इसे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

