बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात स्कूटी और बाइक की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि गल्ला व्यापारी और उसके दो परिजनों पर दर्जनभर लोगों ने डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मारपीट में तीनों घायल हो गए। व्यापारी ने हमलावरों पर 9 लाख रुपए नकद और सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद और मारपीट का लग रहा है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। घटना रात करीब 9:30 बजे खुटला रहुनिया मोहल्ले की है। यहां रहने वाले 45 वर्षीय गल्ला व्यापारी सुनील कुमार मंडी से स्कूटी पर अपने घर लौट रहे थे। मोहल्ले के पास उनकी स्कूटी सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। इसके बाद सुनील और बाइक सवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बाइक सवार के साथी पहुंचे, डंडे-कुल्हाड़ी से हमला सुनील कुमार के मुताबिक, विवाद के कुछ देर बाद बाइक सवार के करीब दर्जनभर साथी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने डंडों और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर सुनील की बेटी और छोटा भाई उन्हें बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने दोनों के साथ भी मारपीट कर दी। हमले में सुनील समेत तीनों घायल हो गए। घायल व्यापारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंक से निकाले थे 9 लाख, बैग छीनने का आरोप व्यापारी सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कारोबार के लिए बैंक से 9 लाख रुपये नकद निकालकर बैग में रखकर घर जा रहे थे। मारपीट के दौरान हमलावर उनका नकदी से भरा बैग छीन ले गए। उन्होंने सोने की चेन लूटने का भी आरोप लगाया है। एसपी बोले- आपसी विवाद का मामला घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आपसी विवाद और मारपीट का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी की ओर से लगाए गए लूट के आरोप फिलहाल प्रथमदृष्टया सही नहीं लग रहे हैं। एसपी के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मारपीट करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

