देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नीबी बरवा गांव में सोमवार शाम करंट लगने से 31 वर्षीय किसान की मौत हो गई। कृष्णा प्रजापति घर के कमरे में बिजली के बोर्ड में पंखा लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसा सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ। कृष्णा बाजार से घर लौटने के बाद अपने कमरे में पंखा लगाने का काम कर रहे थे। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया करंट लगने के बाद कृष्णा की हालत गंभीर हो गई। परिजन और आसपास के लोग उन्हें तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कृष्णा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खेती के साथ दुकान पर करते थे काम मृतक की पहचान नीबी बरवा गांव निवासी कृष्णा प्रजापति (31) पुत्र व्यास के रूप में हुई है। वह खेती करने के साथ एक दुकान पर भी काम करते थे। इसी से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बिजली आपूर्ति बंद न करने की आशंका स्थानीय लोगों के मुताबिक, पंखा लगाते समय बिजली की आपूर्ति बंद नहीं की गई थी। इसी वजह से करंट लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। सूचना मिलने पर रामपुर कारखाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

