उन्नाव शहर के बड़े चौराहे पर मंगलवार को मूर्ति स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके चलते यातायात पुलिस ने शहर में रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान बड़े चौराहे की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि कब्बाखेड़ा से बड़े चौराहे की ओर आने वाले वाहन पुलिस ऑफिस से प्रकाश गेस्ट हाउस और हरदोई पुल होते हुए लखनऊ बाईपास की ओर मोड़े जाएंगे। इसी तरह, लखनऊ बाईपास से बड़े चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को हरदोई पुल से वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा। कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को गांधी नगर तिराहा से गदनखेड़ा चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गांधी नगर से बड़े चौराहे और नगर पालिका तिराहा से बड़े चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ऑफिस तिराहा से बड़े चौराहे की ओर आने वाले सभी वाहनों का प्रवेश भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था कार्यक्रम स्थल पर भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए की गई है, ताकि यातायात सुचारु रहे और कोई अव्यवस्था न फैले। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मंगलवार को बड़े चौराहे की ओर जाने से बचें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करें। आवश्यकता पड़ने पर ही संबंधित क्षेत्र की ओर जाएं और यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए बैरियर तथा संकेतकों का पालन करें। अधिकारियों ने जनता से कार्यक्रम के दौरान पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है, ताकि यातायात संचालन में कोई बाधा न आए।

