मप्र कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय पर होगी। पिछली बैठक ऑनलाइन हुई थी, लेकिन इस बार सभी 37 सदस्यों को भोपाल बुलाया गया है। जानकारी यह मिली है कि इस बार की पीएसी में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह व पूर्व सांसद अरुण यादव शामिल नहीं होंगे। इनमें से दिग्विजय और अरुण विदेश में हैं तो वहीं कमलनाथ का स्वास्थ्य ठीक नहीं बताया जा रहा है। जानकारी यह भी आई कि इस बार छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुल नाथ पीएसी में शामिल हो सकते हैं। इस बार की पीएसी में पूरा फोकस संगठन सृजन पर रहने वाला है। इसमें मप्र के प्रभारी हरीश चौधरी संगठन सृजन के अब तक हुए काम का ब्यौरा लेने वाले हैं। साथ ही आगे क्या कर सकते हैं, इस पर भी चर्चा होगी। दतिया चुनाव की समीक्षा की जाएगी और नगरीय निकायों के चुनाव की तैयारियां पर चर्चा होगी। बैठक में यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस कांग्रेस के काम की भी समीक्षा होगी। बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा समेत सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। यूसीसी के खिलाफ मुस्लिम महिलाएं करेंगी आंदोलन भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य व कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद, मुफ्ती जुनैद फलाई और मौलाना माज़ नदवी ने यूसीसी बिल के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। मसूद ने कहा कि मप्र में लाया गया यूसीसी बिल मुसलमानों समेत पूरे संविधान और आर्टिकल 25 के तहत मिले धार्मिक मौलिक अधिकारों का मखौल उड़ा रहा है। इसके विरोध में 16 से 20 अगस्त तक मुस्लिम संगठन हर जिले में राष्ट्रपति व राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें 21 लोगों के प्रतिनिधिमंडल (16-20 महिलाएं और 5 पुरुष) शामिल होंगे। मसूद ने सिलेक्ट कमेटी की मांग खारिज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आदिवासी वर्ग भी उनके साथ है और वे अदालत से इंसाफ की उम्मीद रखते हैं।

