शाहजहांपुर में सेहरामऊ दक्षिणी के गांव कुतुआपुर निवासी 29 वर्षीय हर्षित मिश्रा का शव मंगलवार सुबह घर के सामने पशुओं के बग्गर में बल्ली से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक के पिता महेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे उनकी आंख खुली। वे दुधारू पशुओं को चारा डालने बग्गर में पहुंचे, जहां उन्होंने हर्षित को नई रस्सी से बल्ली से लटका देखा। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। 5 जुलाई को होने वाला था तिलक महेश चंद्र मिश्रा की चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवक के फांसी लगाकर जान देने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। हर्षित मिश्रा एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि, उनकी शादी तय हो गई थी और ससुराल वालों से भी बात हो जाती थी। 5 जुलाई को तिलक और 7 जुलाई को शादी होनी थी। बताया जा रहा है कि हर्षित ने एक दिन पहले ही अपने बैंक खाते में जमा धनराशि निकालकर माता-पिता को सौंप दी थी। उन्होंने अपनी शादी धूमधाम से करने की इच्छा भी व्यक्त की थी। मृतक अपने पीछे पिता महेश चंद्र मिश्रा, मां अनीता देवी और छोटे भाई विशाल को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी राजीव कुमार तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी पर कोई शक या बुराई होने की पुष्टि नहीं की है।


