फुटबॉल विश्व कप 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच रहा है और दुनिया भर के प्रशंसकों की नजरें यूरोप की उन टीमों पर टिकी हैं, जिन्होंने इस खेल के सबसे बड़े मंच पर हमेशा अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। गौरतलब है कि अर्जेंटीना, ब्राजील और उरुग्वे को छोड़ दें तो विश्व कप का खिताब जीतने वाली सभी अन्य टीमें यूरोप से ही रही हैं। यही कारण है कि इस बार भी यूरोपीय देशों को टूर्नामेंट के सबसे बड़े दावेदारों में गिना जा रहा है।इस बार यूरोप से 16 टीमें विश्व कप में हिस्सा ले रही हैं। इनमें इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, पुर्तगाल, नीदरलैंड, क्रोएशिया और बेल्जियम जैसी मजबूत टीमें शामिल हैं। वहीं ऑस्ट्रिया, बोस्निया और हर्जेगोविना, नॉर्वे, स्कॉटलैंड और तुर्किये जैसी टीमें भी लंबे समय बाद अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगी।मौजूद जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा उम्मीदें फ्रांस और स्पेन से लगाई जा रही हैं। फ्रांस की टीम के पास लगभग हर स्थान पर विश्व स्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं। किलियन एम्बाप्पे की अगुवाई में फ्रांस तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना देख रहा है। उस्मान डेम्बेले और डिज़िरे दूए जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत को और बढ़ाते हैं। खास बात यह है कि मुख्य प्रशिक्षक दिदिए देसां इस प्रतियोगिता के बाद पद छोड़ देंगे, इसलिए वह अपने कार्यकाल का अंत खिताब के साथ करना चाहेंगे।दूसरी ओर विश्व की नंबर एक टीम स्पेन भी खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। युवा स्टार लामिन यामाल इस समय टीम का सबसे बड़ा आकर्षण हैं। यूरोपीय चैंपियन बनने के बाद स्पेन का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है और टीम अपने दूसरे विश्व कप खिताब की तलाश में मैदान पर उतरेगी।वहीं इंग्लैंड की उम्मीदें एक बार फिर हैरी केन पर टिकी हुई हैं। देश के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी के रूप में हैरी केन इंग्लैंड के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी बने हुए हैं। हालांकि इंग्लैंड को एक बेहद कठिन समूह में रखा गया है, जहां क्रोएशिया, घाना और पनामा जैसी टीमें चुनौती पेश करेंगी।जर्मनी की स्थिति भी काफी दिलचस्प है। चार बार की विश्व चैंपियन टीम पिछले दो विश्व कप में समूह चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी। ऐसे में जूलियन नागेल्समान की टीम पर दबाव रहेगा। हालांकि फ्लोरियन विर्ट्ज, जमाल मुसियाला, जोशुआ किमिख और एंटोनियो रुडिगर जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी जर्मनी को मजबूत बनाती है।बात करें पुर्तगाल की तो इस टीम में सभी की नजरें क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर रहेंगी। 41 वर्षीय रोनाल्डो के करियर का यह आखिरी विश्व कप माना जा रहा है। ब्रूनो फर्नांडिस, वितिन्हा और जोआओ नेवेस जैसे खिलाड़ी भी टीम को मजबूती प्रदान करते हैं। यदि पुर्तगाल को पहली बार विश्व कप फाइनल तक पहुंचना है तो रोनाल्डो को एक बार फिर बड़ी भूमिका निभानी होगी।नीदरलैंड भी इस बार खिताब की दौड़ में शामिल है। कप्तान वर्जिल वान डाइक, मेम्फिस डेपाय और फ्रेंकी डी योंग जैसे खिलाड़ी टीम की रीढ़ हैं। हालांकि विश्व कप इतिहास में तीन बार उपविजेता रहने वाली यह टीम अब तक खिताब नहीं जीत सकी है।इसके अलावा नॉर्वे की टीम एरलिंग हालांड और मार्टिन ओडेगार्ड की बदौलत चर्चा में है। ऑस्ट्रिया, स्विट्जरलैंड, स्वीडन और तुर्किये जैसी टीमें भी अपने-अपने समूहों में उलटफेर करने की क्षमता रखती हैं।बता दें कि इटली लगातार तीसरी बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका है, जो यूरोपीय फुटबॉल के लिए सबसे बड़े झटकों में से एक माना जा रहा है। ऐसे में अब यूरोप की बाकी दिग्गज टीमों पर महाद्वीप की प्रतिष्ठा बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी।विश्व कप के शुरू होने से पहले यह साफ है कि यूरोप की कई टीमें खिताब की प्रबल दावेदार हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम उम्मीदों पर खरी उतरती है और कौन सी टीम प्रशंसकों को निराश करती है।
Hindi News – News in Hindi – Latest News in Hindi | Prabhasakshi


