प्रतापगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है। परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए एडीजी जोन प्रयागराज ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुराने नकल माफियाओं और परीक्षा को प्रभावित करने वाले लोगों के सत्यापन की जानकारी भी दी। जिला प्रशासन ने प्रतापगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में एडीजी जोन प्रयागराज ने शहर के जीआईसी सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 33 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के पहले दिन 5808 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित सभी आला अधिकारी लगातार केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नकल करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एडीजी जोन प्रयागराज ज्योति नारायण ने बताया कि परीक्षा त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी प्रकार की कोई शिकायत सामने नहीं आई है। पुराने नकल माफियाओं और परीक्षा को प्रभावित करने वाले लोगों का सत्यापन भी कराया गया है। शासन की पहली प्राथमिकता नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराना है।


