मऊ जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 555 वाहनों का चालान किया गया और 7 वाहनों को सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देश पर यह व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान करना था। इस अभियान के लिए 38 टीमें गठित की गईं, जिन्होंने जिले के 45 अलग-अलग स्थानों पर लगभग 1600 संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की। जांच के दौरान यातायात नियमों का पालन न करने वाले 555 वाहनों के चालान किए गए और 7 वाहनों को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने अन्य लोगों को भी नियमों का पालन करने की हिदायत दी। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक मऊ ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, गलत जगहों पर पार्किंग न करें और सुरक्षित यातायात में सहयोग करें।


