एडीजी विपिन पांडे ने डीग पुलिस का किया निरीक्षण:कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश, गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत

एडीजी विपिन पांडे ने डीग पुलिस का किया निरीक्षण:कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश, गार्ड ऑफ ऑनर से स्वागत

राजस्थान पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (अपराध) विपिन कुमार पांडे ने गुरुवार को डीग जिला मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने जिला पुलिस की व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान एडीजी पांडे ने पुलिस लाइन का आकस्मिक निरीक्षण किया और नव-निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया। जिला मुख्यालय पहुंचने पर एडीजी पांडे को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एडीजी पांडे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. की उपस्थिति में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम पर विशेष चर्चा हुई। एडीजी ने अधिकारियों को साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। एडीजी पांडे ने लंबित प्रकरणों और परिवादों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों के साथ-साथ नए पंजीकृत मामलों की भी त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेने तथा वांछित अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
एडीजी पांडे ने अधिकारियों को थाना और वृत्त स्तर पर आने वाले परिवादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने, निष्पक्ष जांच करने और समयबद्ध वैधानिक कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृत्ताधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *