संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल थाना क्षेत्र में एक घर में घुसकर तोड़फोड़, छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सभी युवक बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा गांव के बताए जा रहे है। सभासद समीर आलम ने कहा कि युवकों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में रिजवानउल्ला पुत्र शौकत अली ने बताया कि उनके बेटे साजिद की पत्नी रहमूतनिशा से उनकी कहासुनी हो रही थी। रिजवानउल्ला के अनुसार, मना करने पर उनकी बहू ने उन्हें गाली दी और मारपीट पर उतारू हो गई। इसके बाद बहू रहमूतनिशा ने अपने बहन के लड़के इमरान और कुछ अन्य लोगों को बुलाया। आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसकर रिजवानउल्ला की दुकान में तोड़फोड़ की। साथ ही, उनकी नतनी सना और पुत्री साजिया से छेड़खानी की और मारपीट भी की। जब स्थानीय लोग बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन्हें भी गाली दी और जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


