उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में भीड़ से बचने के लिए 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल रैक रिजर्व किए है। वहीं कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। CCTV कैमरे से निगरानी के लिए अतिरिक्त टीमों की तैनाती की गई है। वहीं RPF और GRP ने रस्सा टीमें बनाई हैं। जरूरत पढ़ने पर एंट्री और एक्जिट गेट अलग अलग बनाए जाएंगे। उत्तर मध्य रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अमित मालवीय के अनुसार जरूरत पड़ने पर परीक्षा विशेष (एग्जाम स्पेशल) ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, इटावा और मिर्जापुर स्टेशनों पर अतिरिक्त रेक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विशेष ट्रेनें चलाई जा सकें। आने जाने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला और मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशनों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी। रेलवे प्रशासन ने टिकट काउंटरों और पूछताछ केंद्रों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती के साथ उद्घोषणा प्रणाली को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। रेलवे ने बताया कि जरूरत के अनुसार कुछ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त ठहराव, समय परिवर्तन या ट्रेन विस्तार जैसी व्यवस्थाएं भी की जा सकती हैं। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से स्टेशन पहुंचने, वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


