औरैया में रेलवे ट्रैक पर मिले दो शव:एक गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरा था, दूसरे की पहचान में जुटी पुलिस

औरैया में रेलवे ट्रैक पर मिले दो शव:एक गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस से गिरा था, दूसरे की पहचान में जुटी पुलिस

औरैया के दिबियापुर में रेलवे ट्रैक पर दो शव मिले हैं। इनमें से एक शव की पहचान गोरखधाम एक्सप्रेस से गिरे यात्री के रूप में हुई है, जबकि दूसरा शव अज्ञात है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटना दिबियापुर थाना क्षेत्र के कैंजरी और गपकापुर के बीच डाउन ट्रैक पर हुई। पंजाब के भटिंडा निवासी 42 वर्षीय मन बहादुर पांडेय पुत्र वीरेंद्र गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वह बोगी की खिड़की पर बैठे थे और नींद आने के कारण अचानक नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ यात्रा कर रहे एक साथी ने बताया कि मृतक भटिंडा में प्लंबिंग का काम करते थे। सुबह करीब सात बजे स्टेशन मास्टर और डायल 112 से सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने एसआई राजेंद्र कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान की और परिजनों को सूचित किया। अभी पहली घटना की छानबीन चल ही रही थी कि पुलिस को उसी ट्रैक पर लगभग 100-150 मीटर की दूरी पर एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि रात के समय किसी अन्य ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा काफी पहले हुआ था। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि दूसरे शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही शिनाख्त कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *