जौनपुर में 8 से 10 जून तक आयोजित होने वाली यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर कुल 56,880 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन और परिवहन निगम ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों के आवागमन में कोई परेशानी न होने के निर्देश दिए थे। इसके बाद रोडवेज विभाग ने एक विशेष कार्ययोजना तैयार की है। यह योजना रविवार शाम 5 बजे से 10 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस कार्ययोजना के तहत रोडवेज प्रशासन ने प्रत्येक रूट पर बसों की संख्या बढ़ा दी है। आवश्यकतानुसार विभिन्न मार्गों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। परीक्षा अवधि के दौरान प्रमुख रूटों पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।
जौनपुर डिपो से वाराणसी, लखनऊ, आजमगढ़ और मिर्जापुर जैसे प्रमुख मार्गों पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। जिन रूटों पर अधिक भीड़ होगी, वहां तत्काल आरक्षित बसों को सेवा में लगाया जाएगा। रोडवेज विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे। एआरएम स्नेहलता ने बताया कि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रूट पर यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में 85 से अधिक बसें पहले से ही संचालित हैं। किसी भी आपात स्थिति के लिए आरक्षित बसें भी तैयार रखी गई हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थियों को परिवहन संबंधी कोई असुविधा न हो और वे समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें। जौनपुर से दूसरे जनपदों में जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। चंदौली/वाराणसी के लिए 20 बसें (5000/7173 यात्रियों हेतु), प्रयागराज/फतेहपुर/कौशांबी के लिए 22 बसें (4500/11852/3226 यात्रियों हेतु), गाजीपुर के लिए 3 बसें (7171 यात्रियों हेतु), गोरखपुर के लिए 10 बसें (10000 यात्रियों हेतु), कानपुर नगर/लखनऊ के लिए 4 बसें (7557/10000 यात्रियों हेतु) और मिर्जापुर के लिए 23 बसें (2721 यात्रियों हेतु) संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, 12 (5+7) अतिरिक्त बसें भी उपलब्ध रहेंगी।


