बिलासपुर शहर कांग्रेस कमेटी ने पेयजल समस्या को लेकर नगर निगम के विकास भवन कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। यह घेराव सोमवार, 8 जून को किया जाएगा। कांग्रेस का आरोप है कि प्रशासन पेयजल संबंधी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि शहर में सुशासन शिविरों का प्रचार तो जोर-शोर से किया गया, लेकिन वार्डों में पीने के पानी की समस्या, गंदे पानी की आपूर्ति और टैंकर व मोटर पंप से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। महापौर पर जनता की अनदेखी का आरोप मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि महापौर को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेसी 8 जून को शाम 4 बजे कांग्रेस भवन में एकत्रित होंगे। इसके बाद वे जुलूस की शक्ल में विकास भवन पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे और पेयजल समस्या के समाधान की मांग करेंगे। शहर के अधिकांश वार्डों में पेयजल संकट कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बिलासपुर के तकरीबन सभी वार्डों में पेयजल संकट से जनता परेशान है। फेल होते सब मर्सिबल पंप, नलों से आता गंदा एवम बदबूदार पानी और टैंकरों की अनुपलब्धता मानो बिलासपुर नगर निगम का पर्याय बन गया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील धरना प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस जन, वर्तमान और पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व महापौर, पूर्व सांसद प्रत्याशी गण, पूर्व विधानसभा प्रत्याशीगण, पूर्व महापौर प्रत्याशी गण, प्रदेश पदाधिकारीगण, पार्षद गण, छाया पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष और पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष-पदाधिकारियों को शामिल होने की अपील की गई है।


