एसपी बोले-तनाव भरी जिंदगी में साइकिलिंग-योग जरूरी:संडे ऑन साइकिल कैंपेन में 150 से चलाई साइकिल, शहर में निकाली रैली

एसपी बोले-तनाव भरी जिंदगी में साइकिलिंग-योग जरूरी:संडे ऑन साइकिल कैंपेन में 150 से चलाई साइकिल, शहर में निकाली रैली

नए पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने रविवार को एक बार फिर ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के तहत स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया। उन्होंने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में योग, प्राणायाम के बाद करीब दो किलोमीटर साइकिल चलाकर “फिट है तो हिट है” का संदेश दिया। एसपी ने हाल ही में एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार इस अभियान का आयोजन करवाकर पुलिसकर्मियों और आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में योग एवं प्राणायाम सत्र से हुई, जिसमें प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन करवाए। इस दौरान करीब 300 से अधिक लोगों ने सामूहिक रूप से ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान जैसी क्रियाओं का अभ्यास किया। योग सत्र के बाद संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत साइकिल रैली निकाली गई, जिसे एसपी रोशन मीना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी उसमें शामिल हुए। पुलिस लाइन से घंटाघर तक निकली साइकिल रैली, 150 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल साइकिल रैली पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई घंटाघर तक पहुंची। इस रैली में 150 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। सफेद टी-शर्ट और कैप पहनकर साइकिल चलाते पुलिसकर्मियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व स्वयं एसपी रोशन मीना ने किया, उनके साथ डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा, कोतवाल भंवरलाल वैष्णव, पुरानी टोंक थाना प्रभारी नेमीचंद गोयल, टोंक सदर थाना प्रभारी जयमल सिंह सहित जिले के विभिन्न थानों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। रैली में सबसे आकर्षण का केंद्र डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा के छोटे पुत्र शास्वत मिश्रा रहे, जिन्होंने भी काफी दूरी तक साइकिल चलाई। एसपी ने उनके उत्साह और हौसले की सराहना की। कार्यक्रम में आमजन और युवाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही, जिससे यह आयोजन पुलिस विभाग तक सीमित न रहकर एक सामाजिक जागरूकता अभियान बन गया। योग और प्राणायाम से दिया तनावमुक्त जीवन का संदेश एसपी रोशन मीना ने कहा – आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। योग और प्राणायाम व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण होता है, ऐसे में नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से फिटनेस को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साइकिलिंग से पर्यावरण संरक्षण और फिटनेस दोनों का संदेश एसपी ने कहा – साइकिलिंग न केवल फिटनेस के लिए जरूरी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि लोग छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करें तो प्रदूषण कम होगा, ईंधन की बचत होगी और शरीर भी स्वस्थ रहेगा। उन्होंने युवाओं और आमजन से सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाने की अपील की। एसपी बोले-साइकिल कार्डियो के लिए जरूरी, हर व्यक्ति को अपनानी चाहिए साइकिल रैली के दौरान एसपी रोशन मीना ने कहा – साइकिलिंग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत जरूरी है और यह एक बेहतरीन कार्डियो एक्सरसाइज है। उन्होंने कहा कि पुलिस ही नहीं, हर व्यक्ति को साइकिल चलानी चाहिए। तनावपूर्ण जीवन में योग, प्राणायाम और साइकिलिंग को अपनाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है, जिससे शरीर और मन दोनों स्वस्थ रह सकें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *