सतना कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग में एयरफोर्स अधिकारी के घर फायरिंग और उनके बेटे के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी अमित सोनी सहित तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घर के बाहर की तोड़फोड़ पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4 बजे की है। कोठरा निवासी हर्ष प्रताप सिंह (22), जो वर्तमान में घूरडांग में रहते हैं, अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान आदतन अपराधी अमित सोनी, निवासी बाल्मीक कॉलोनी, अपने 4-5 साथियों के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने हर्ष के साथ गाली-गलौज की और घर के बाहर खड़ी बाइक व स्कूटर में तोड़फोड़ की। हत्या की नीयत से 5 राउंड फायरिंग का आरोप आरोप है कि बदमाशों ने हर्ष प्रताप सिंह की हत्या की नीयत से 5 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के दौरान हर्ष और उनके साथियों ने दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। दो आरोपी जेल भेजे गए पुलिस ने अंकित (19) पुत्र नरेंद्र सिंह और युवराज उर्फ राज (19) पुत्र केदार सिंह, दोनों निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज के पास, थाना कोलगवां को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस मुख्य आरोपी अमित सोनी और उसके दो अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


