मंडी जिले के सराज क्षेत्र की ग्राम पंचायत थाटा के नीरू गांव में शनिवार दोपहर को आग का तांडव देखने को मिला। यहाँ एक दो मंजिला मकान में अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दुखद हादसे में मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे एक गरीब परिवार बेघर हो गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
देखते ही देखते राख हुआ वर्षों का आशियाना जानकारी के अनुसार, यह मकान नीरू गांव के निवासी सोतू राम (पुत्र बगीदु राम) का था। शनिवार दोपहर को जब मकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं, तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एकजुट होकर अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक उस पर काबू पाया जाता, तब तक मकान का अधिकांश हिस्सा और छत जल चुकी थी। इस घटना में घर के भीतर रखा सारा सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन और कीमती फर्नीचर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। सोतू राम के परिवार की बरसों की मेहनत की कमाई कुछ ही पलों में धुएं में तब्दील हो गई। प्रशासन ने पहुंचाई फौरी राहत घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और स्थिति का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उप मंडलाधिकारी बचित्र सिंह, उपमंडलाधिकारी अग्निकांड की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रभावित परिवार को सरकार के नियमों के तहत तय की गई तत्काल फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है। नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है, ताकि परिवार को आगे की उचित सहायता दी जा सके। प्रशासन पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुनर्वास की बड़ी चुनौती, जनप्रतिनिधियों ने बंधाया ढांढस इस हादसे ने सोतू राम के परिवार को खुले आसमान के नीचे लाकर खड़ा कर दिया है, जिससे उनके सामने रहने और खाने-पीने का बड़ा संकट पैदा हो गया है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि वे पुनर्वास और इस मुश्किल घड़ी से उबरने के लिए हरसंभव सामाजिक और आर्थिक सहयोग प्रदान करेंगे।


