अशोकनगर में जैन मुनि मुनिपुंगव सुधासागर जी महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर जैन समाज में गहरा आक्रोश है। शनिवार शाम जैन समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कई दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिगंबर जैन साधुओं, विशेष रूप से मुनिपुंगव सुधासागर जी महाराज के संबंध में अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। समाज के अनुसार, हाल ही में एक संदेश देशभर के जैन समूहों में वायरल हुआ था। इसमें मुनिश्री के प्रति अत्यंत आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे जैन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अशोकनगर में दर्ज हो चुकी एफआईआर
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, श्री दिगंबर जैन पंचायत कमेटी अशोकनगर के अध्यक्ष राकेश कांसल और अन्य पदाधिकारियों ने 3 जून को अशोकनगर कोतवाली थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस और साइबर सेल की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध नाम सामने आए हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि जांच को निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाकर सभी दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी बोले- जल्द होगी कार्रवाई
जैन समाज ने स्पष्ट किया कि वह सदैव देव, शास्त्र और गुरु परंपरा के प्रति समर्पित रहा है। समाज अपने आराध्य संतों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को कानून के दायरे में लाने की मांग दोहराई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि मुनि सुधासागर जी महाराज पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि कुछ संदिग्ध लोगों तक पहुंचे हैं, जिनकी जांच जारी है। पुलिस मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।


