हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति की बेटी टिफनी ट्रंप की मेजबानी कर चुके होटल सूर्यगढ़ के स्टाफ ने होटल परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में रोहिड़ा, नीम, खेजड़ी सहित 60 मरुस्थली पौधे रोपे। पानी की बचत के लिए इन्हें ड्रिप सिस्टम से जोड़ा गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों के लिए जगह-जगह बर्ड फीडर और परिंडे बांधकर दाना-पानी का इंतजाम भी किया गया। होटल के गिरिराज शर्मा ने बताया कि इस मुहिम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने बताया- राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी जगदीश चौधरी के निर्देश पर विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर मशहूर होटल सूर्यगढ़ में विशेष अभियान चलाया गया। बूंद-बूंद सिस्टम से सींचे जाएंगे 60 पौधे होटल के स्टाफ ने मिलकर परिसर में 60 देशी पौधे लगाए। इनमें रोहिड़ा, नीम, खेजड़ी, जाल और सिरस जैसी प्रजातियां शामिल हैं, जो रेगिस्तान के मौसम के अनुकूल होती हैं। खास बात यह है कि पानी की बचत के लिए इन पौधों को ड्रिप सिस्टम (बूंद-बूंद सिंचाई पद्धति) से जोड़ा गया है ताकि इस भीषण गर्मी में भी पौधे सूखने न पाएं। पक्षियों के लिए बांधे परिंडे जैसलमेर की तेज गर्मी को देखते हुए होटल की अलग-अलग जगहों पर बर्ड फीडर और पानी के बर्तन लगाए गए। कार्यक्रम में धनेश्वर टेलर ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए रोजमर्रा की जिंदगी में पर्यावरण को बचाने वाली आदतें अपनाने और पौधों की लगातार देखभाल करने की शपथ दिलाई। लोगों को प्रेरित करना हमारा मकसद-गिरिराज शर्मा होटल के गिरिराज शर्मा ने बताया, “हम लगातार इस तरह के काम करके लोगों को मोटिवेट करते हैं। हमारा मकसद सिर्फ बिजनेस करना नहीं, बल्कि प्रकृति की रक्षा के लिए समाज को साथ जोड़ना भी है।” गौरतलब है कि यह वही नामचीन होटल है जहां कुछ समय पहले अमेरिकी राष्ट्रपति की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति के साथ छुट्टियां मनाने आई थीं। पर्यावरण को बचाने के लिए होटल की इस पहल की काफी तारीफ हो रही है।


