हरियाणा के हांसी शहर के विकास नगर क्षेत्र में एक पूर्व सैनिक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हिसार कैंट निवासी सुंदर पंघाल (63) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव भगाना के रहने वाले थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद वह प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े हुए थे। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पुत्र एडवोकेट मनजीत ने बताया कि उनके पिता शुक्रवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। रात करीब 8 बजे परिवार ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। बुधवार सुबह बेटे द्वारा दोबारा फोन किए जाने पर मोबाइल चालू था, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। इसके कुछ समय बाद सुबह करीब 7 बजे परिवार को उनके आत्महत्या करने की सूचना मिली। परिजन बोले-करोड़ों रुपए का लेन-देन का विवाद था परिजनों के अनुसार, सुंदर पंघाल का कुछ लोगों के साथ करोड़ों रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा था। मनजीत ने आरोप लगाया कि उनके पिता के लगभग 4 से 5 करोड़ रुपए फंसे हुए थे। उन्होंने बताया कि संबंधित लोगों ने रुपए वापस न करने की स्थिति में प्रॉपर्टी ट्रांसफर करने संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए थे, लेकिन बाद में पता चला कि ऐसे ही दस्तावेज अन्य लोगों को भी दिए गए थे। लेनदेन में नकद राशि के साथ-साथ बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन भी शामिल हैं। सुसाइड नोट में चार लोगों के नाम मनजीत ने बताया कि उनके पिता द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में चार लोगों के नाम लिखे गए हैं। इनमें पूनम, उसके ससुर होशियार सिंह, उसकी सास तथा एक ड्राइवर शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित ड्राइवर द्वारा कई बार धमकी भरे फोन भी किए गए थे। मनजीत ने यह भी दावा किया कि पूनम पहले भी जेल जा चुकी है और अक्सर कहती थी कि उसका पहले भी कुछ नहीं बिगड़ा और आगे भी कुछ नहीं बिगड़ेगा। पुलिस बोली-आरोपियों के घर मिला शव घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अतिरिक्त थाना प्रभारी (एएसएचओ) बलवान सिंह ने बताया कि मृतक का शव विकास नगर स्थित होशियार सिंह के मकान में मिला है। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें चार व्यक्तियों के नाम लिखे गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम से जहर की पुष्टि होगी उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आत्महत्या किस पदार्थ के सेवन से की गई। साथ ही पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि जिस व्यक्ति के मकान में आत्महत्या की गई, उसका मृतक के साथ किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन था या नहीं। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।


