मजदूरों से भरी बस ट्रक से टकराई, 1 की मौत:शाजापुर में NH-52 पर हादसा, 18 घायल; अवैध लकड़ी परिवहन पर उठे सवाल

मजदूरों से भरी बस ट्रक से टकराई, 1 की मौत:शाजापुर में NH-52 पर हादसा, 18 घायल; अवैध लकड़ी परिवहन पर उठे सवाल

शाजापुर जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि महिला, पुरुष और बच्चों समेत 18 यात्री घायल हो गए। हादसा महाकाल ढाबे के पास उस समय हुआ, जब मजदूरों से भरी एक बस आगे चल रहे लकड़ी से लदे ट्रक से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, कमला बस में करीब 50 से 60 मजदूर सवार थे। सभी इंदौर के सांवेर क्षेत्र में ईंट-भट्टों पर काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के ललितपुर स्थित अपने गांवों की ओर लौट रहे थे। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच बस की ट्रक से पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक की मौके पर मौत हादसे में बस चालक मनोहर सिंह निवासी अशोकनगर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सुनेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डायल-112 तथा 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में भर्ती घायलों में दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है। लकड़ी से भरे ट्रक को लेकर उठे सवाल हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक में लकड़ी के गुटकों के परिवहन को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक लकड़ी से भरा हुआ था और दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान सड़क पर लकड़ी के गुटके बिखर गए थे। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि बाद में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर बिखरी लकड़ी को उठाकर ले गए। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं। अस्पताल में चल रहा इलाज जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर विनोद गुर्जर ने बताया कि हादसे में घायल सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है, जिसकी पहचान बस चालक के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है। हादसे में ये लोग हुए घायल

1. रूपेंद्र पुत्र भानु प्रताप सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी इंदौर
2. राजेश पुत्र हिम्मत सिंह, उम्र 47 वर्ष, निवासी अशोकनगर (कमला बस पर हेल्पर)
3. देवेंद्र, उम्र 30 वर्ष, निवासी ललितपुर
4. अर्चना पत्नी देवेंद्र, उम्र 25 वर्ष, (गर्भवती), निवासी ललितपुर
5. आशा पत्नी धर्मेंद्र, उम्र 25 वर्ष, (गर्भवती), निवासी ललितपुर
6. धर्मेंद्र पुत्र भरत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ललितपुर
7. किशन पुत्र सन्नू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ललितपुर
8. सूत्वती पति किशन, उम्र 28 वर्ष, निवासी ललितपुर
9. प्रेमबाई पत्नी गुलाब, उम्र 50 वर्ष, निवासी ललितपुर
10. पालक पुत्र धर्मेंद्र, उम्र 7 वर्ष, निवासी ललितपुर
11. माधुरी पुत्री धर्मेंद्र, उम्र 5 वर्ष, निवासी ललितपुर
12. रामगोपाल पुत्र जयराम, उम्र 22 वर्ष, निवासी ललितपुर
13. प्रदीप पुत्र हरिप्रसाद, उम्र 8 वर्ष, निवासी ललितपुर
14. अंगूरी पत्नी हरिराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी ललितपुर
15. हरिराम पुत्र बाबूलाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ललितपुर
16. मिथुन पुत्र नाबू, उम्र 35 वर्ष, निवासी बड़ोदिया, गुना
17. मीना पत्नी हरिलाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी मोहनपुर, टीकमगढ़
18. रमाशंकर पुत्र कमलेश, उम्र 16 वर्ष, निवासी ललितपुर
19. मृतक की पहचान बस चालक मनोहर सिंह निवासी अशोकनगर के रूप में हुई है। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *