सुल्तानपुर के चांदा कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। शादी के कुछ ही महीनों बाद नवविवाहिता को ₹5 लाख नकद दहेज की मांग को लेकर कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हदिया सरपतहा निवासी पारो निषाद पत्नी शंकर निषाद ने चांदा थाने में लिखित तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी किरण की शादी कुछ महीने पहले जौनपुर जिले के बेलापार निवासी शिवा निषाद पुत्र लहरी निषाद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगा। तहरीर के अनुसार, पति शिवा निषाद ₹5 लाख नकद दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर वह कथित रूप से पत्नी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस प्रताड़ना में करिश्मा, रबीना पुत्रियां लहरी तथा झुना पत्नी लहरी भी शामिल थीं। सभी आरोपी मिलकर किरण के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देते थे। पीड़िता की मां का आरोप है कि शिवा निषाद ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि जब तक ₹5 लाख नहीं दिए जाएंगे, वह किरण को अपने साथ नहीं रखेगा और प्रताड़ित करता रहेगा। शिकायत में कहा गया है कि लगातार मारपीट के कारण किरण को गंभीर चोटें भी आई हैं। बेटी की स्थिति को देखते हुए पारो निषाद ने चांदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। चांदा पुलिस के अनुसार मामले की जांच उपनिरीक्षक अजय कुमार को सौंपी गई है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


