मथुरा में पति-पत्नी गोली कांड में:पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए, पुलिस को नही मिली तहरीर, जांच जारी

मथुरा में पति-पत्नी गोली कांड में:पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए, पुलिस को नही मिली तहरीर, जांच जारी

मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र स्थित सूर्यनगर कॉलोनी में गुरुवार रात एक पति ने अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। शुक्रवार को पति-पत्नी के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम गृह पहुंचे परिजनों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और घटना को लेकर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार, झांसी के सिमराबारी निवासी मिथुन विश्वकर्मा (27) और उनकी पत्नी पोखन (23) ने पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के करीब दो साल बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके चलते वे पिछले तीन वर्षों से अलग रह रहे थे। आठ दिन पहले पोखन अपनी सहेली रागिनी के पास मथुरा आई थी। रागिनी गोवर्धन रोड स्थित सूर्यनगर कॉलोनी में रहती है और कृष्णानगर स्थित एक स्पा सेंटर में काम करती है। पोखन भी उसी स्पा सेंटर में कार्यरत थी। बताया गया है कि गुरुवार को मिथुन अपनी पत्नी की तलाश करते हुए मथुरा पहुंचा। सूर्यनगर स्थित कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मिथुन ने पत्नी के सिर में गोली मार दी और इसके बाद खुद भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कृष्णानगर स्थित स्पा सेंटर के मैनेजर पंकज ने सूर्यनगर कॉलोनी में पूरा मकान किराये पर ले रखा था, जहां रागिनी और पोखन रह रही थीं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि पंकज के मथुरा के अलावा गोरखपुर, गोंडा समेत प्रदेश के कई शहरों में स्पा सेंटर संचालित हैं। सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *