जोधपुर की रहने वाली नेहा उपाध्याय (26) की बुधवार को जयपुर में मौत हो गई। वह बस से उतर रही थी, इसी दौरान एक गाड़ी ने कुचल दिया। हादसा जयपुर के मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में बंबाला पुलिया के पास हुआ। नेहा जोधपुर के गायत्री नगर, पाल रोड की रहने वाली थी। वह तीन महीने से जयपुर के मानसरोवर स्थित रजत पथ के एक पीजी में रहती थी। जयपुर से ही वह डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स कर रही थी। नेहा की मां सुनेना उपाध्याय (50) ने बताया कि हादसे से 10 सेकेंड पहले ही उनकी बेटी से बात हुई थी। जिस दिन ये हादसा हुआ, उसी दिन उसे जॉइनिंग लेटर मिलने वाला था। वहीं पिता किशन गोपाल उपाध्यान (52) ने बताया- यह हिट एंड रन का मामला है। इस हादसे में उनकी बेटी के सिर में चोट लगी थी, काफी खून बह गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। नेहा का गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया था। मां के बिजनेस को आगे बढ़ाना चाहती थी नेहा के पिता किशन गोपाल ने बताया- नेहा फाइनेंस मैनेजमेंट (म्यूचल फंड और अकाउंटिंग) का काम भी करती थी। इस काम की शुरुआत उनकी मां सुनेना ने की थी। नेहा चाहती थी कि वह मां के साथ मिलकर इस बिजनेस को आगे बढ़ाए। जोधपुर के लाचू कॉलेज से बीबीए करने के साथ ही वह फाइनेंस मैनेजमेंट का पूरा काम संभालती थी। इस बिजनेस को स्टेब्लिश करने के लिए नेहा ने डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स करने के लिए तीन महीने पहले करीब 15 अप्रैल को एडमिशन लिया था। हादसे वाले दिन जॉइनिंग लेटर मिलने वाला था नेहा की मां सुनेना उपाध्याय ने बताया कि हादसे से पहले उनकी नेहा से बातचीत हुई थी। वह बस में सवार थी। जिस दिन ये हादसा हुआ, उसी दिन उसे जॉइनिंग लेटर मिलने वाला था। बस से उतरने से पहले उसने कहा था- आज जॉइनिंग लेटर मिलने वाला है और फिर वो प्राइवेट कंपनी में जॉब पर लग जाएगी। मां ने बताया- फोन रखा ही था कि 10 सेकेंड में एक अनजान नंबर से कॉल आया और बताया कि नेहा का एक्सीडेंट हो गया है। वहां मौजूद लोग बार-बार मुझे कॉल कर कह रहे थे कि जल्दी यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह 10 मिनट तक वहां पर तड़पती रही। इस दौरान उसे सीपीआर दी लेकिन, काफी खून बह चुका था। इसके बाद वहां मौजूद लोग उसे आरयूएचएस हॉस्पिटल लेकर गए। यहां से उसे एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया, लेकिन तब तक उसकी हालत नाजुक हो चुकी थी। दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी मौत हो गई। परिजन नेहा की शादी की प्लानिंग कर रहे थे नेहा के पिता ने बताया कि वह चाहती थी कि खुद अपने पैरों पर खड़ी होकर बिजनेस को स्टेब्लिश करूं। इसलिए वह जयपुर भी गई थी। इस साल उसकी शादी की प्लानिंग भी कर रहे थे। रिश्ते देखना शुरू कर दिया था लेकिन कुछ और ही मंजूर था। पिता ने बताया कि हादसे के बाद से बेटी का न तो फोन मिला और न ही बैग। किस ने टक्कर मारी, कौनसी गाड़ी थी, कौन लोग थे, ये हमें भी नहीं पता। ये जरूर पता है कि टक्कर मारने वाले मौके से फरार हो गए थे। हादसे के बाद से बेटी के फोन और बैग तक गायब हो गए। नेहा के पिता जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में एमआरआई और सिटी स्कैन डिपार्टमेंट में काम करते हैं। जबकि उनकी मां फाइनेंस कंसल्टेंसी का काम देखती हैं, जिसे नेहा आगे बढ़ाना चाहती थी। ————- ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में हिट एंड रन में युवती की मौत:कंपनी जाने के लिए बस से उतरी; रोड क्रॉस करते समय गाड़ी ने मारी टक्कर जयपुर में हिट एंड रन में एक युवती की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे टोंक रोड पर बम्बाला पुलिया के पास हुआ। हादसे में जोधपुर के गायत्री नगर निवासी नेहा (26) पुत्री किशन गोपाल उपाध्याय की मौत हो गई। (पढ़िए पूरी खबर)


