बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देश पर जिले में अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जुलवानिया पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे 6 गौवंश को मुक्त कराया और ₹6.15 लाख का मशरूका जब्त किया। जुलवानिया पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सुपर कैरी वाहन में अवैध रूप से गौवंश भरकर सुन्द्रेल बाजार से महाराष्ट्र की ओर वध के लिए ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ बाथम के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ए.बी. रोड स्थित आशीर्वाद होटल के सामने कट पॉइंट पर नाकाबंदी की। संदिग्ध सुपर कैरी वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 6 बैल क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से लगभग ₹1,65,000/- कीमत के 6 गौवंश और ₹4,50,000/- कीमत का बिना नंबर का सुपर कैरी वाहन जब्त किया। कुल जब्त मशरूका की कीमत ₹6,15,000/- है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 6(क), 9 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जब्त किए गए वाहन और गौवंश को राजसात करने की प्रक्रिया भी जारी है।


