बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के सोनियाखेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव उसके घर के बंद कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान 20 वर्षीय गुड्डू पुत्र अमरपाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह गुड्डू काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आया। चिंता होने पर जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला, तो गुड्डू का शव फंदे पर लटका हुआ पाया। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने कमरे और आसपास के क्षेत्र से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने बताया कि पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।


