बढ़े हुए यूजर चार्ज और भाजपा सरकार के ‘सुशासन तिहार’ के विरोध में कांग्रेस ने देवपुरी के गांधी चौक में घेराव प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई, बिजली-पानी संकट, खराब सफाई व्यवस्था और बढ़ते अपराधों के बावजूद सरकार कुशासन को सुशासन बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन और रायपुर ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पंकज शर्मा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया। यूजर चार्ज बढ़ोतरी से लेकर बिजली कटौती तक उठाए सवाल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एक ओर जनता पहले से महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर रायपुर नगर निगम ने सफाई यूजर चार्ज बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल-डीजल की कीमतों, बिजली दरों, पानी की समस्या और गैस सिलेंडर की उपलब्धता को भी मुद्दा बनाया गया। कांग्रेस का आरोप है कि राजधानी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जबकि बार-बार होने वाली बिजली कटौती ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर भी घेरा प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अवैध वसूली के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है, लेकिन सरकार जमीनी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय उत्सव और आयोजनों में व्यस्त है। आवासीय पट्टे, अवैध प्लॉटिंग और सरकारी जमीन का मुद्दा भी उठा कांग्रेस ने आवासीय पट्टों के वितरण, अवैध प्लॉटिंग और शासकीय जमीनों के कथित बंदरबांट को लेकर भी सवाल उठाए। नेताओं ने अमलीडीह की सरकारी कॉलेज भूमि वापस लेकर वहां कॉलेज निर्माण कराने की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में कई बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, लेकिन भाजपा सरकार इन्हें नजरअंदाज कर उपलब्धियों का प्रचार कर रही है। इसी के विरोध में सुशासन तिहार कार्यक्रम का घेराव किया गया।


