मऊ जनपद में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना (पीएम स्वनिधि) के तहत जून 2026 में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 1 जून से 30 जून तक संचालित होगा, जिसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक फुटपाथ विक्रेताओं को योजना से जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। परियोजना अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार यह अभियान तीन स्तरों पर आयोजित होगा। जनपद स्तर पर “स्वनिधि महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा, जहाँ स्ट्रीट वेंडर्स और उनके परिवारों की सफलता की कहानियों को साझा कर योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। वहीं, नगर निकाय स्तर पर “लोक कल्याण मेले” लगाए जाएंगे। इन मेलों में ऋण वितरण, क्रेडिट कार्ड सुविधा, डिजिटल भुगतान प्रशिक्षण, बैंकर्स और स्ट्रीट वेंडर्स की बैठकें तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सेंसेस टाउन क्षेत्रों में “स्वनिधि कैंप” आयोजित होंगे। इन शिविरों में उन फुटपाथ विक्रेताओं की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाएगा, जो अब तक इससे वंचित हैं। अभियान के दौरान लंबित ऋण वितरण, नए ऋण आवेदन, डिजिटल वित्तीय साक्षरता और ‘स्वनिधि से समृद्धि’ योजना के तहत वेंडर्स एवं उनके परिवारों की प्रोफाइलिंग का कार्य भी किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत, द्वितीय ऋण पूरा कर चुके लाभार्थियों के लिए क्रेडिट कार्ड आवेदन भी कराए जाएंगे और उन्हें कार्ड उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशासन ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को तथा रतनपुरा, दोहरीघाट और मोहम्मदाबाद गोहना सेंसेस टाउन के लिए खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। परियोजना अधिकारी ने उन सभी फुटपाथ विक्रेताओं से अपील की है जो अब तक पीएम स्वनिधि योजना से नहीं जुड़ पाए हैं। उन्होंने कहा कि वे 30 जून 2026 तक आयोजित इस विशेष अभियान में भाग लेकर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें।


